महाशिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर देविकानगरी उधमपुर पूरी तरह से तैयार हो गई है। शहर व ग्रामीण इाकों में स्थित शिव मंदिरों को सजा दिया गया है। इस बार महाशिवरात्रि का पर्व देविका घाट पर धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां पूरी कर दी गई है। देविका घाट पर स्थित भगवान शिव की प्रतिमा को विशेष तौर पर सजाया गया है और तट पर स्थित मंदिरों को भी सजाया गया है। कोरोना संकट से थोड़ी राहत मिलने के बाद इस बार महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है।
महाशिवरात्रि के दिन हजारों की संख्या में लोग पूजन के लिए पहुंचते हैं
2021 में कोरोना संकट की पाबंदियों के कारण महाशिवरात्रि का पूर्व धूमधाम के साथ नहीं मनाया जा सका था। लेकिन इस बार धार्मिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है और इसको लेकर विशेष तौर पर देविका में कार्यक्रम का आयोजन होगा। देविका नदी के तट पर प्राचीन आप शंभू शिव मंदिर है और इसमें महाशिवरात्रि के दिन हजारों की संख्या में लोग पूजन के लिए पहुंचते हैं। देविका घाट का करोड़ों की लागत से सौंदर्यकरण किया गया है और इसी कारण इस बार देविका में महाशिवरात्रि का पर्व खास होगा।
भगवान शिव की बड़ी प्रतिमा पर विशेष तौर लाइटिंग की गई
इस बार महाशिवरात्रि को लेकर देविका घाट में प्रवेश के लिए विशेष प्रवेश द्वार बनाया गया है। इसके साथ भगवान शिव की बड़ी प्रतिभा पर विशेष तौर लाइटिंग की गई है। यह लाइटिंग रात के समय देविका घाट की सुंदरता को चार चांद लगा रही है। इसके साथ आप शंभू मंदिर का भी सजावट का काम शुरू कर दिया गया है। मंदिर की लाइटिंग भी सभी को आकर्षित कर रही है। इस बार देविका नदी के तट पर भंडारे का भी आयोजन होगा।
आप शंभु मंदिर को सुबह पांच बजे श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा
मंदिर व प्रतिभा की सुंदरता को देखने के लिए दोपहर से ही लोगों का मंदिर में पहुंचना शुरू हो गया था। इसके साथ के अंदर अन्य शिव मंदिरों को भी सजाने का काम पूरा कर दिया है। आदर्श कालोनी स्थित राधा कृष्ण मंदिर में भी महाशिवरात्रि को लेकर विशेष पूजन किया जाएगा। देविका तट पर स्थित आप शंभु मंदिर को सुबह पांच बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।
महाशिवरात्रि की तैयारियों को दिया अंतिम रूप
इसमें श्रद्धालु सामाजिक दूरी का ख्याल रख कर कतारों में लग कर भगवान के दर्शन करने व माथा टेकने का सुख प्राप्त कर सकेंगे। जिब इलाके में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भी महाशिवरात्रि की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। सनातन धर्म सभा की तरफ से लगातार दूसरे वर्ष महाशिवरात्रि को लेकर शोभा यात्रा नहीं निकाली गई। जबकि हर वर्ष महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर शोभा यात्रा का आयोजन किया जात था।