आईजीपी जम्मू डा. एसडी सिंह ने जोनल पुलिस हेडक्वार्टर जम्मू में एक समारोह के दौरान जेएंडके ब्लाइंड क्रिकेट टीम को जीत का लक्ष्य देकर रवाना किया। राज्य टीम आगामी 22 अक्तूबर को देहरादून में हो रही नार्थ जोन अंतर स्टेट क्रिकेट चैंपियनशिप में शिरकत करेगी। टीम के लिए एमए स्टेडियम में प्रोसिक्यूटिंग आफिसर राजेश गिल की देखरेख में तीन दिनी कोचिंग कैंप का आयोजन किया गया।
राज्य टीम में अनंतनाग, शोपियां, श्रीनगर, जम्मू, भद्रवाह, रियासी, माहौर, कठुआ और सांबा जिला से 25 युवा क्रिकेटरों को शामिल किया गया है। इसमें अजय को कप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा टीम में याकूब, रोहित, बंटी, नरेश, रकीब, वसीम, अंकुश, अजाम, इरफान, हफीज, सुरजीत, आमिर, मनप्रीत, इमाम (मैनेजर) को शामिल किया गया है।
आईजीपी ने कहा कि राज्य पुलिस उभरती युवा प्रतिभा को नया प्लेटफार्म देने के लिए प्रयासरत रही है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले बडोदरा में हुई आल इंडिया सुपर सिक्स क्रिकेट प्रतियोगिता में जोनल पुलिस हेडक्वार्टर से भेजी गई जेएंडके फिजिकली हैंडीकैप क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। जेएंडके ब्लाइंड टीम से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। इस दौरान क्रिकेटरों का हौसला बढ़ाने एसएसपी स्टाफ आफिसर राजेश शर्मा आदि पहुंचे।