जम्मू। एयरपोर्ट जम्मू का विस्तार कर 974 कनाल में नए टर्निमल के निर्माण की प्रक्रिया भूमि स्थानांतरित नहीं होने की वजह से अटक गई है। भूमि में पशु पालन विभाग की है, जिसका स्थानांतरण नहीं हुआ है। इस कारण टर्मिनल की टेडरिंग प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। भारतीय विमान प्राधिकरण भूमि के स्थानांतरण के बाद ही प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।
जम्मू हवाई अड्डे में आधुनिक नए टर्मिनल का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके लिए प्रदेश प्रशासन ने साथ ही में 974 कनाल भूमि चिह्नित की है। इसमें से 877 कनाल भूमि तक विमानपत्तन प्राधिकरण को नहीं सौंपी गई है। उस भूमि पर पशुपालन विभाग के पोल्ट्री फार्म, कार्यालय सहित अन्य इमारतें हैं, जिनको हटाया जाना है। नए टर्निमल की भूमि पर चहारदीवारी का काम जारी है। साथ ही इमारत के लिए सलाहकार की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। पशु पालन विभाग से भूमि स्थानांतरित होने के बाद टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
नया टर्निमल बनने से पर्यटन मानचित्र पर उभरेगा जम्मू
जम्मू एयरपोर्ट पर नए टर्निमल बनने से जम्मू पर्यटन मानचित्र पर उभरेगा। अभी एक दिन में 30 से 32 उड़ानों का संचालन किया जाता है। नए टर्निमल बनने के बाद संचालन की क्षमता बढ़ेगी, जिससे जम्मू आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। यहां से हवाई सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। 2020 में कोविड के बावजूद जम्मू एयरपोर्ट से 9.93 लाख और 2021 में 12 लाख यात्रियों ने सफर किया है। ऐसे में नए टर्निमल बनने से विमानों का संख्या के साथ-साथ यात्रियों की संख्या में इजाफा होगा।
प्रस्तावित भूमि में से कुछ हिस्सा पुशपालन विभाग से स्थानांतरित होना है। पूरी भूमि मिलने के बाद ही टर्मिनल की टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू हो पाएगी। भूमि पर सुरक्षा दीवार, भूमि जांच सहित अन्य कार्य पूर्ण कर लिए हैं।
- एसके गर्ग, निदेशक, जम्मू एयरपोर्ट