जम्मू-कश्मीर के नए उप मुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता पदभार संभालते ही कठुआ कांड पर बयान देकर विवादों में घिर गए हैं। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने कहा कि कठुआ मामला छोटी बात है और इसे इतना भाव नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्ची को इंसाफ मिलना चाहिए। ऐसी घटना दोबारा न हो।
विवादों में घिरने के बाद उन्होंने न्यूज एजेंसी को सफाई में कहा कि मैंने यह कहा है कि इस तरह के काफी मामले हैं। जानबूझकर इसे भड़काने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। मामले पर फैसला एससी करेगी। बार-बार उस मुद्दे को छेड़ना ठीक नहीं है। मामले को तूल देना अच्छी बात नहीं है।
सीबीआई जांच की मांग के बारे में उन्होंने कहा कि मामला अदालत में है और अदालत इस पर फैसला करेगी। कानून अपना काम करेगा। कवींद्र ने कहा कि सिर्फ कठुआ मामले के कारण मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल नहीं हुआ। यह नए लोगों को काम करने का मौका देने की कोशिश है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है उस पर खरा उतरूंगा। उन्होंने पार्टी नेतृत्व और पीएम मोदी का आभार प्रकट किया। हमारी सरकार को तीन साल हो चुके हैं। कुछ लोगों को अब संगठन में भी जिम्मेदारी दी जाएगी।
कवींद्र ने कहा कि डॉ. निर्मल सिंह पार्टी के आदरणीय नेता हैं और पार्टी उन्हें नई अहम जिम्मेदारी देगी। कवींद्र ने कहा कि डिप्टी सीएम के रूप में उनकी पहली प्राथमिकता जन भावनाओं के अनुरूप काम करने की होगी।