प्रधानमंत्री के दो अप्रैल को प्रस्तावित दौरे से पहले सुरक्षा बलों की ओर से उधमपुर के नरसू इलाके से पकड़े गए चार संदिग्धों से शुक्रवार को दूसरे दिन भी पूछताछ जारी रही। उधमपुर पुलिस स्टेशन में रखे गए संदिग्धों से सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ में जुटी हुई हैं। ज्ञात हो कि पीएम के दौरे को देखते हुए पुलिस और सेना की ओर से बुधवार देर रात नरसू इलाके में चलाए गए सर्च आपरेशन में संदिग्ध हत्थे चढ़े थे।
पूछताछ में क्या जानकारियां मिली हैं, इसका खुलासा पुलिस नहीं कर रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारी लगातार चिनैनी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों से संपर्ककर सबको सतर्क रहने की हिदायत दे रहे हैं। ग्रामीणों से कहा जा रहा है कि अगर किसी पर भी संदेह हो रहा है तो इसकी जानकारी पुलिस को दी जाए। अगर कोई अजनबी व संदिग्ध व्यक्ति दिखता है तो तुरंत पुलिस स्टेशन को सूचना दी जाए।
इस बीच पुलिस ने आपराधिक मामलों में शामिल रहे लोगों पर भी नजर रखना शुरू कर दिया है। खुफिया एजेंसियां पुराने अपराधियों पर भी नजर रख रही हैं। प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर चिनैनी और नाशरी इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर भी सतर्कता बढ़ाई गई है। वाहनों को जांच के बाद ही छोड़ा जा रहा है।