Srinagar Municipal Corporation
- फोटो : file photo
जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में अवैध निर्माण कराने की अनुमति देने के आरोप में श्रीनगर नगर निगम के पांच अफसरों को गिरफ्तार किया गया है। अफसरों का साथ देने वाले कुछ मुलाजिम भी पकड़े गए हैं। आरोप है कि होटल बनाने के लिए नियमों को ताक पर रखकर अनुमति दी गई।
गिरफ्तार अफसरों में इनफोर्समेंट अधिकारी मोहम्मद अशरफ वारसी, वार्ड अधिकारी फयाज अहमद एवं बिलाल अहमद बाबा, इमारती इंस्पेक्टर इरफान हुसैन एवं बशीर अहमद भट्ट शामिल हैं। विजिलेंस ने नगर निगम के इंजीनियरिंग विंग के साथ मिलकर संयुक्त रूप से इसकी औचक जांच की। जांच में पाया गया कि इन अधिकारियों और कर्मियों ने होटल रायल अरेबिया के मालिक अब्दुल मजीद के साथ मिलकर ख्याम कालोनी में खाइबर अस्पताल के पीछे अवैध निर्माण कराया। जांच में पाया गया कि इमारत की नींव और ऊंचाई जरूरत से अधिक बताई गई।
पहले फ्लोर की अनुमति पार्किंग के लिए दी गई थी, लेकिन यहां पर रेस्तरां बना दिया गया, जबकि बिना किसी अनुमति के नौकरों के लिए क्वार्टर बना दिए गए। इन अधिकारियों को पकड़े जाने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई गई है। कुछ और अधिकारी एवं कर्मी भी इस मामले में नपे जा सकते हैं। इससे पहले भी श्रीनगर नगर निगम के कई अधिकारी इसी तरह के मामले में धरे गए हैं। वहीं विजिलेंस ने अब तक रियासत में भ्रष्टाचार में फंसे 40 से अधिक अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को दबोच लिया है।