इससे पहले आतंकियों ने इसी महीने के पहले सप्ताह कृष्णा घाटी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश की थी। जिसे सेना के सतर्क जवानों ने नाकाम कर दिया था। सेना की जवाबी कार्रवाई से दहशतगर्द पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में भाग गए थे। भागते समय आतंकियों के छूटे कपड़े, खाद्य सामग्री व दवाइयां बरामद की गईं थीं। इन पर पाकिस्तान निर्मित होने की पहचान दर्ज थी।
कृष्णा घाटी सेक्टर के सलोत्री इलाके में आधी रात बाद लगभग पौने एक बजे जवानों ने संदिग्ध हलचल देखी थी। चार-पांच आतंकियों के एक समूह ने घुसपैठ करने की कोशिश की थी। जवानों ने ललकारा तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सेना ने आतंकियों को निशाना बनाकर भारी गोलीबारी की। मोर्टार भी दागे गए। पूरी रात रुक-रुक कर फायरिंग होती रही।