सरपंच से मिले ग्रामीण रोजगार का उठाया मुद्दा। संवाद
ज्यौडियां। तहसील की पंचायत ढोकखालसा के बुजुर्ग लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को पंचायत की सरपंच रामो देवी से मिला। प्रतिनिधि मंडल में शमिल लोगों ने सरपंच को बताया कि पंचायत की युवा पीढ़ी को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए कोई विचार किया जाए। पंचायत के सैकड़ों युवा बेरोजगार हैं।
बुजुर्गों ने सरपंच से आह्वान किया की प्रशासन के सहयोग से युवाओं को स्वरोजगार लगाने के प्रति जागरूक किया जाए। प्रतिनिधिमंडल में शामिल शाकां राम, पोढू राम, सरदारी लाल, कृष्ण लाल, अशोक कुमार तथा पंच काली दास आदि ने सरपंच रामो देवी को बताया कि पंचायत के सैकड़ों बेरोजगार युवक सड़कों, चौराहों और दुकानों पर बैठे नजर आते हैं। भाजपा की केन्द्र सरकार इन युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने को लेकर नाकामयाब साबित हो रही है। सरपंच रामो देवी ने कहा कि यह एक बहुत ही गंभीर समस्या है, जिसका सामना पूरे राज्य की युवा पीढ़ी कर रही है। जब तक युवाओं को कोई नौकरी नही मिलती है हमें युवाओं को स्वरोजगार लगाने के लिये प्रेरित करना होगा। हम सब को इस विषय में जल्द डीसी जम्मू से भेंट कर समस्या का हल करने की कोशिश करनी होगी।