जम्मू विश्वविद्यालय में पीजी, पीजी डिप्लोमा और यूजी प्रोग्राम के लिए दाखिले को कांटे की टक्कर रहेगी। इसके लिए आगामी 20 जून को हो रही जम्मू यूनिवर्सिटी एंट्रेंस परीक्षा के लिए करीब 1500 सीटों के लिए 13000 से अधिक आवेदन आए हैं। अभी लेटफीस के साथ आवेदन लेने की प्रक्रिया जारी है। परीक्षा के लिए दिल्ली, चंडीगढ़ समेत 11 जगहों पर परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
परीक्षा की तिथि नजदीक आने के साथ उम्मीदवारों में उत्सुकता के साथ तनाव भी हावी हो रहा है। आवेदनकर्ता राहुल बख्शी ने कहा कि दाखिले के लिए कड़ी टक्कर रहेगी। इसमें प्रत्येक सीट के लिए कई दावेदार होंगे। खासतौर पर पीजी सीटों के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा रहेगी।
एक अन्य उम्मीदवार रागिनी शर्मा ने कहा कि एप्लस की श्रेणी वाले जम्मू विश्वविद्यालय जैसे संस्थान में उच्च शिक्षा प्राप्त करना किसी भी विद्यार्थी के लिए सौभाग्य की बात होती है। लेकिन दाखिला मिलने के बाद ही विद्यार्थी का यह सपना पूरा होता है।