जम्मू-कश्मीर के राजोरी जिले के कालाकोट में भाजपा नेकां कार्यकर्ताओं के बीच मंगलवार को हुई झड़प के दूसरे दिन भी स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। हालात को नियंत्रण में रखने व किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए डीसी राजोरी शब्बीर अमहद बट्ट, एएसपी राजोरी यूसुफ चौधरी व एएसपी नौशेरा अतुल शर्मा मौके पर डटे रहे।
डीसी एवं जिला मजिस्ट्रेट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुबह से ही पूरे कालाकोट में धारा 144 लागू कर दी थी। पुलिस व सीआरपीएफ के जवानों को बड़ी संख्या में तैनात कर कालाकोट को पुलिस छावनी में बदल दिया गया था। कालाकोट में सभी स्कूल व कालेज में छुट्टी कर दी गई थी व यातायात पर भी रोक लगी रही। हालांकि बीच-बीच में दुकानें खुलीं।
कालाकोट के सियालसुई क्षेत्र में भी नेकां कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर पुलिस पर मंत्री के दबाव में आकर काम करने का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर रही है, जो मौके पर मौजूद ही नहीं थे। नेकां कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस ने निष्पक्ष जांच नहीं की, तो प्रदर्शन जारी रहेंगे।