जम्मू। गांधीनगर अस्पताल में अब सामान्य ओपीडी के बाद इवनिंग में भी विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध होंगे। अस्पताल प्रशासन बेहतर रोगी देखभाल सुविधाओं के लिए सोमवार से साप्ताहिक इवनिंग आयुष ओपीडी शुरू कर रहा है। अस्पताल में एलोपैथी के साथ मरीजों को आयुष चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही दिन में सुबह 10 से 4 बजे तक सामान्य ओपीडी जारी रहेगी, जबकि इवनिंग ओपीडी में शाम 4 बजे से रात 7 बजे तक आयुष विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध होंगे।
गांधीनगर अस्पताल में इमरजेंसी रूम के साथ नंबर तीन डीआईसी कमरे में इवनिंग ओपीडी चलेगी। अस्पताल में पहली बार आयुष की इवनिंग ओपीडी शुरू की जा रही है। अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी इवनिंग ओपीडी रोस्टर के मुताबिक सोमवार को शाम 4 से रात 7 बजे तक डॉक्टर सोनिका (आयुर्वेदिक), मंगलवार को डॉक्टर नितिन मगोत्रा (एमडी होम्योपैथी), बुधवार को डॉक्टर संजय कौल (यूनानी), वीरवार को डॉक्टर नाजिया (एनएचएम यूनानी) और शुक्रवार को डॉक्टर इफराह (होमियोपैथिक) उपलब्ध होंगे। अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर परोपकार सिंह ने बताया कि अस्पताल में एलोपैथी के साथ आयुष चिकित्सा पदति का विस्तार किया जा रहा है। इसमें मरीजों को दिन और शाम के समय चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कोविड में आयुष चिकित्सा पद्धति का लाखों लोगों को लाभ मिला है। आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है।