हवाला मामले में गिरफ्तार पूर्व मंत्री बाबू सिंह की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद कोर्ट ने 30 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। इस दौरान पूर्व मंत्री से हवाला मामले में जानकारी ली जाएगी। राज्य जांच एजेसी (एसआईए) ने मामले में नए सिरे से एफआईआर दर्ज की है। इसके साथ ही गांधी नगर पुलिस से एसआईए ने मामले से जुड़ीं जानकारियां भी मांगीं थीं।
विज्ञापन
पुलिस रिमांड में आरोपी मोहम्मद शरीफ और पूर्व मंत्री बाबू सिंह से सवाल-जवाब के बाद अब एसआईए न्यायिक हिरासत में पूछताछ करेगी। सूत्रों की माने तो बाबू सिंह ने पुलिस को पूछताछ में कोई अहम जानकारी नहीं दी है। अब तक की पूछताछ में बाबू सिंह के सीमा पार कई लोगों से संपर्क सामने आए हैं। सीमा पार के जिन लोगों का नाम संपर्क में आया है, उनके तार अलगाववाद और आतंकवाद से जुड़े रहे हैं।
माना जा रहा है कि एसआईए की पूछताछ में कुछ और बड़े लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। पुलिस ने इस मामले में दो ही लोगाें को गिरफ्तार किया है। पुलिस एक अन्य शख्स की तलाश कर रही है, जिसने आरोपी मोहम्मद शरीफ शाह को पैसे दिए थे। वह फरार चल रहा है।