सीआरपीएफ के डीजी दुर्गा प्रसाद ने मंगलवार को राज्यपाल एनएन वोहरा से मुलाकात कर उन्हें राज्य में सीआरपीएफ की तैनाती की जानकारी दी। लंबी बातचीत में दोनों के बीच राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विचार विमर्श किया गया।
वोहरा ने कहा कि सीआरपीएफ का राज्य में कानून व्यवस्था को बनाए रखने में अहम योगदान है। खासकर आतंकी घटनाओं पर काबू पाने में सीआरपीएफ का बेहतर काम है। पिछले दिनों सीआरपीएफ पर हुए हमले को लेकर बात भी की गई।
राजभवन में ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ के जवानों के साथ भी प्रसाद ने बात की। बनतालाब और नगरोटा स्थित सीआरपीएफ के कैंपों का भी उन्होंने दौरा किया। बनतालाब में एक सैनिक सम्मेलन भी आयोजित किया गया।
अधिकारियों से रूबरू होते हुए उन्होंने पांपोर में आतंकी हमले में शहीद हेड कांस्टेबल राजकुमार और भोला प्रसाद का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे जवानों की वजह से ही सीआरपीएफ का वजूद है।
जो इस बल को मजबूती के साथ काम करने की हिम्मत प्रदान करते हैं। डीजीपी प्रसाद ने यह भी कहा कि आगामी श्रीनगर अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा और आतंकियों की घुसपैठ भी सीआरपीएफ के लिए एक बड़ी चुनौती है।