सात साल के विलंब के बाद आखिरकार केंद्र ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर फुल बॉडी ट्रक स्कैनर लगाने का फैसला कर लिया है। इस साल के अंत तक जम्मू-कश्मीर में एलओसी के व्यापार केंद्रों से आने-जाने वाले ट्रकों की स्कैनिंग का काम शुरू हो जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सुरक्षा बलों द्वारा जम्मू-कश्मीर और पाक के कब्जे वाले कश्मीर के बीच चलने वाले एक ट्रक में छिपाकर लाए जा रहे हथियार एवं गोला बारूद को बरामद करने के एक दिन बाद स्कैनर लगाने का फैसला किया है। गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां कहा कि अगले कुछ महीनों में फुल बॉडी ट्रक स्कैनर के अनुबंध को अंतिम रूप दे दिया जाएगा और उपकरणों की आपूर्ति कर दी जाएगी।
अधिकारी ने कहा कि उपकरण लगाने के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे का निर्माण जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इस साल के अंत तक ये उपकरण काम करने लगेंगे। जम्मू-कश्मीर में उड़ी के सलामाबाद और पुंछ के चकन-दा-बाग से एलओसी के आरपार व्यापार होता है।