श्री माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी (एसएमवीडीयू) में सोमवार को यूनिवर्सिटी के पांचवें दीक्षांत समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी। रविवार को भी रिसर्हल की गई। इस बीच यूनिवर्सिटी के चांसलर एवं राज्यपाल एनएन वोहरा सहित कई आला अधिकारियों ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। दीक्षांत समारोह में कुल 837 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी।
उत्कृष्ट 22 विद्यार्थियों को पदक और बीस को सर्टिफिकेट आफ डिस्टिंक्शन दिया जाएगा। रविवार को छुट्टी के बावजूद आला अफसरों सहित यूनिवर्सिटी का स्टाफ समारोह की तैयारियों में जुटा रहा। सूत्रों के मुताबिक समारोह में विभिन्न विषयों में 504 विद्यार्थियों को बैचलर डिग्री, 305 को मास्टर डिग्री और 28 विद्यार्थियों को पीएचसी डिग्री प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा पांच विद्यार्थियों को चांसलर स्वर्ण पदक, एक विद्यार्थी को वाइस चांसलर स्वर्ण पदक, चार विद्यार्थियों को श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड पदक, दो छात्राओं को श्री माता वैष्णो देवी श्राइन पदक, दस विद्यार्थियों को यूनिवर्सिटी रजत पदक, बीस विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट आफ डिस्टिंक्शन और सौलह छात्राओं को इफोसेस फाउंडेशन प्राइज फार एक्सीलेंसी दिया जाएगा।
यूनिवर्सिटी के मैत्रिका सभागार में हो रहे दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री सहित अन्य अतिथिगण शामिल हो रहे हैं। रविवार को भी दीक्षांत समारोह के निमंत्रण कार्ड वितरित करने का काम जारी रहा। प्रधानमंत्री दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी की गई है।
प्रशासनिक, पुलिस और दूसरी एजेंसियों के आला अधिकारी यूनिवर्सिटी में डेरा डाले हुए हैं। सोमवार को फुलड्रेस रिहर्सल को दोपहर के सत्र में आयोजित करना प्रस्तावित है। यूनिवर्सिटी के भीतर फैकल्टी सदस्यों की भी पूरी जांच पड़ताल के बाद ही भेजा जा रहा है।