रविवार को भाजपा पार्टी मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में पूर्व पुलिस महानिरीक्षक सतिंद्र सिंह बिजराल पार्टी में शामिल हो गए। इस मौके पर सांसद एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सांसद एवं प्रदेशाध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा भी मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम में विहिप की उधमपुर जिला इकाई के प्रधान सुभाष गुप्ता, उद्योगपति जुगल किशोर और उनके समर्थक भाजपा में शामिल हुए। इसके अलावा पार्टी मुख्यालय में दिल्ली में भाजपा में शामिल हो चुके कश्मीरी पंडित नेता मोती कौल का भी शानदार स्वागत किया गया।
इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि देश में भाजपा की लहर चल रही है। केंद्र में भाजपा की सरकार बन चुकी है। जम्मू कश्मीर के लोग भी अब बदलाव चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ अर्से से जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के बड़ी संख्या में जाने माने चेहरों के अलावा लोग भाजपा में शामिल हो रहे है। इससे लग रहा है विधानसभा चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेंगी।
वहीं प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि जम्मू कश्मीर में पार्टी ने मिशन 44 प्लस का लक्ष्य रख रियासत में पहली भाजपा सरकार का उम्मीद रखी है।