जम्मू। सतवारी थाना परिसर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से वहां खड़े किए गए 20 से ज्यादा दुर्घटनाग्रस्त और कंडम वाहन जल गए हैं। पुलिस कर्मियों और तीन दमकल वाहनों की मदद से एक घंटे में आग पर काबू पाया गया है। यह घटना रात 12 बजे की है।
जानकारी के अनुसार रात 12 बजे के करीब सतवारी थाने के परिसर से गुजर रहे बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। सूखी पत्तियों की वजह से आग फैल गई और थाना परिसर में खड़े किए गए 20 से अधिक दुर्घटनाग्रस्त और कंडम वाहनों को चपेट में ले लिया। जानकारी मिलते ही थाने में तैनात कर्मियों ने आग बुझानी शुरू की और दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंचे तीन वाहनों की मदद व एक घंटे की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। आग की चपेट में आने से दुर्घटनाग्रस्त और कंडम वाहन जल गए।
उधर, रविवार को दोपहर के समय बिक्रम चौक के पास स्थित झाड़ियों में भी आग लग गई। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंचे एक वाहन की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।