रियासत में सरकार के गठन में हो रही देरी के बावजूद 2016-17 के बजट की तैयारियां जोरों पर हैं। राज्यपाल एनएन वोहरा ने राजभवन में उच्च प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर अनुमानित बजट (2016-17) और संशोधित अनुमान (2015-16) की समीक्षा की।
उन्होंने इसे पूरी तरह तैयार कर एक मार्च को पेश करने को कहा, ताकि उसे समय पर मंजूरी मिल सके। राज्यपाल ने मुख्य सचिव और वित्त सचिव को कहा कि बजट के अलावा लेखनुदान के भी तमाम पेपर तैयार रखे जाएं, ताकि ‘वोट आन अकाउंट’ की आपात स्थिति पैदा होने पर उसे पूरा किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि पूर्व वित्त मंत्री डॉ. हसीब द्राबू ने बजट तैयारी कर रखी थी और 18 जनवरी से बजट सत्र आरंभ होना था, लेकिन, मुफ्ती के निधन के बाद सरकार भंग हो जाने से बजट की प्रक्रिया पर ब्रेक लग गया।