केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय की टीम जम्मू-कश्मीर में छापेमारी कर रही है। प्रवर्तन निदेशालय की यह कार्रवाई पूर्व वित्त मंत्री अब्दुल रहीम राथर के बेटे हिलाल राथर से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में चल रही है। बता दें कि जेएंडके बैंक से 170 करोड़ रुपये के लोन मामले में धोखाधड़ी करने पर हिलाल पर केस दर्ज है।
एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में कश्मीर, जम्मू, दिल्ली और लुधियाना में 16 जगह छापेमारी की जा रही है। छापेमारी का मकसद मामले से जुड़े सबूत जुटाना है। हिलाल राथर पर आरोप है कि नियमों और दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते हुए 177.68 करोड़ रुपये (लगभग) का ऋण प्राप्त करने के लिए जेएंडके बैंक के तत्कालीन अधिकारियों के साथ आपराधिक साजिश को अंजाम दिया।
इसी मामले में कुछ समय पहले सीबीआई कोर्ट के जज राजेश सीकरी ने सुनवाई करते हुए कहा था कि आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं। उसके खिलाफ पेश किए दस्तावेज काफी मजबूत हैं। यह मामला न सिर्फ धोखाधड़ी का है, बल्कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक बड़ी साजिश को अंजाम दिया। आरोपी का अपराध उसे उम्रभर की सजा दिला सकता है।
यह भी पढ़ेंः मनोज सिन्हा होंगे जम्मू-कश्मीर के नए उपराज्यपाल, पढ़ें सिन्हा का सफरनामा जिसमें है 2017 का वो किस्सा