आरएस पुरा। कस्बे के बाजार में नगर पालिका में नियुक्त खिलाफ वर्जी अधिकारी द्वारा बिना नोटिस के पुलिया तोड़ने पर दुकानदारों ने रोष जताते हुए पक्षपात का आरोप लगाया। दुकानदार मोहन लाल चौधरी, उत्तम सिंह ने कहा कि सड़क के दोनों किनारों पर नाले का चौड़ा करने पर नगर पालिका के खिलाफ वर्जी अधिकारी मंगलवार को जेसेबी लाकर दुकान के आगे बनाई पुलियों को बिना नोटिस दिए तुड़वा दिया।
पुलिया तोड़ने के लिए जेसीबी लेकर आने पर खिलाफ वर्जी अधिकारी से शाम तक समय मांगा पर उसने दुकानदारों की नहीं सुनीं और पुलिया तुड़वा दी। दुकानदार मोहन लाल चौधरी का कहना है कि संबंधित अधिकारी पक्षपात कर रहा और जो लोग उसे रुपये दे रहे हैं वहां पुलिया नहीं तोड़ी गई। नगर पालिका अध्यक्ष सतपाल पप्पी का कहना है कि 12 फूट दुकान का फ्रंट होने पर हर दुकानदार को चार फुट चौड़ी पुली बनाकर देने के साथ उन्हें लोहे का जंगला डालने के लिए कहा गया था। कई दुकानदारों ने बाद में अपनी दुकान के आगे पुली का निर्माण कराया था। जो अवैथ था, उसे खिलाफ वर्जी अधिकारी ने तुड़वा दिया। इसमें नोटिस देने वाली कोई बात नहीं थी।