जम्मू। नगर निगम ने सोमवार को अभियान चला कर गुम्मट से इंदिरा चौक तक बाजारों में दुकानों के बाहर पीली रेखा से आगे रखे गए सामान को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और अधिकारियों के बीच काफी बहस हुई। वहीं, कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर पौने एक बजे अतिक्रमण विरोधी अभियान शुरू हुआ जो दो बजकर बीस मिनट पर खत्म हुआ। कार्रवाई के दौरान पुलिस और नगर निगम की टीमें मौजूद रहीं। पहले गुम्मट बाजार में कार्रवाई आरंभ हुई। इस दौरान दुकानों के बाहर रखे गए सामान को हटाने के साथ ही जब्त भी किया गया। इसके अलावा फुटपाथ पर सामान बेचने वालों को भी हटाया गया। टीम ने सामान के दो बड़े ट्रक और दो छोटे टेपों जब्त किए हैं।
इसके बाद इंदिरा चौक में पुलिस नाके के पास दुकानों के आगे रखे गए सामान को जब्त किया गया। कार्रवाई आरंभ होते ही अन्य दुकानदार सामान को समटने में जुटे दिखे। बाद में कार्रवाई इंदिरा चौक से शालामार तक की गई। साथ ही हिदायत दी गई है कि सामान को दोबारा यहां न रखें। नगर निगम की आयुक्त अवनी लवासी ने कहा कि दुकानदार सामान को दुकानों के अंदर ही रखें। फुटपाथ पर सामान बेचने की अनुमति किसी को भी नहीं है। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।