जम्मू। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त रिजवान उद्दीन ने कहा कि ईपीएफओ ने अपने सदस्यों के लिए कई सेवाओं का विस्तार किया है। अगर कोई सदस्य अपने बैंक खाते में बदलाव करता है तो वह अपने यूनिवर्सल अकाउंट के माध्यम से अपना बैंक अकाउंट विवरण आसानी से बदल सकते हैं। इसके लिए कई उचित सुधार किए गए हैं।
आयुक्त ने कहा कि सदस्य ईपीएफओ को मेंबर-ई-सेवा पोर्टल पर जाकर लॉगिन करें, उसके बाद यूएएन नंबर टाइप कर पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन करें और केवाईसी पर जाकर बैंक अकाउंट को आसानी से बदला जा सकता है। इसके बाद नियोक्ता बदले गए बैंक खाते को अप्रूव करेंगे और उनका अकाउंट नंबर बदल जाएगा। ईपीएफओ सदस्य सोशल मीडिया जैसे फेसबुक, ट्वीटर और यूट्यूब पर जाकर इस पूरी प्रक्रिया को देखकर खुद ही सभी समस्याओं का हल कर सकते हैं। सदस्य इसी पोर्टल का उपयोग करके पासबुक के खाने में जाकर अपने खाते में जमा राशि को देख सकते हैं। ईपीएफओ सदस्यों की अन्य समस्याओं का निवारण करने के उचित प्रयास किए जा रहे हैं।