मौसम की ताजा करवट बिजली तंत्र को नागवार गुजरी। दोपहर के समय अचानक बादल घिरने और बिजली चमकने के बीच अचानक बिजली गुल हो गई। खराब मौसम में यह एहतियातन उठाया गया कदम नहीं था, बल्कि ग्रिड स्तर पर बिजली गुल हो गई थी। इससे कठुआ जिले के तमाम फीडर ठप पड़ गए। देर शाम करीब छह बजे बिजली को बहाल कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे तेज आवाज के साथ आसमानी बिजली चमकी। इसके साथ ही बिजली गुल हो गई। ट्रांसमिशन विंग के एक अधिकारी ने बताया कि बिजली गुल होने की वजह ग्रिड स्तर पर आई खराबी थी। हीरानगर ग्र्रिड में ब्रेकर ट्रिप करने से समस्या खड़ी हो गई।
मौसम से प्रभावित बिजली को बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए गए। इस बीच कठुआ ग्र्रिड तक आपूर्ति करने वाली 132 केवी लाइन बंद हो गई। नतीजतन ग्रिड से 66 केवी और उससे आगे बिजली सप्लाई का माध्यम 11 केवी की लाइन भी प्रभावित हो गई। मौसम की मार से प्रभावित हुए बिजली तंत्र को फिर से बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए गए।
आखिरकार ढाई घंटे बाद देर शाम बिजली बहाल हो पाई। अधिकारी के अनुसार मौसम खराब होने की वजह से कई दफा एहतियातन बिजली को बंद कर दिया जाता है ताकि ट्रांसफार्मर या फिर लाइन फॉल्ट न आए। लेकिन, इस बार ग्रिड से ही बिजली गुल हो गई थी। गनीमत रही कि फॉल्ट ज्यादा बड़ा नहीं था।