जम्मू। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीजीपीसी) के चुनाव के लिए शनिवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन जिला जम्मू में कोई नामांकन पत्र भरा नहीं गया। नामांकन की अंतिम तिथि चार जून है और उम्मीदवार नौ जून को शाम तीन बजे तक पर्चा वापस ले सकते हैं। पर्चों की जांच के बाद 27 जून को मतदान करवाया जाएगा और उसी दिन गिनती होगी।
एसीआर विजय कुमार ने बताया कि जिला जम्मू में शनिवार को पहले दिन डीजीपीसी चुनाव के लिए कोई नामांकन पत्र नहीं भरा गया। जम्मू जिला में चुनाव के लिए 11 निर्वाचन क्षेत्र और 186 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। जम्मू संभाग में 110 निर्वाचन क्षेत्र और 269 पोलिंग स्टेशन स्थापित हैं। जम्मू जिले में 51036 पुरुष और 45314 महिलाओं सहित कुल 96350 मतदाता हैं। जम्मू संभाग में 128634 और प्रदेश में 158799 मतदाता हैं। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ उम्मीदवारों ने सक्रियता बढ़ा दी है। मतदाताओं को लुभाने के लिए उम्मीदवार उनके पास पहुंच रहे हैं। इसमें समुदाय को हर संभव सुविधाएं देने के वादे किए जा रहे हैं। आगामी दिनों में प्रचार के साथ चुनाव प्रक्रिया में तेजी आएगी।