जम्मू। बिजली कारपोरशन इस साल जम्मू शहर में बीस के करीब ट्रांसफार्मर ही लगा पाया है, जबकि लक्ष्य 800 ट्रांसफार्मर लगाने का रखा गया था। हालांकि यह टारगेट मार्च, 2021 तक पूरा किया जाना है। इस साल कारपोरेशन अपना लक्ष्य पूरा नहीं कर पाया है। इससे नए साल में भी गर्मी के मौसम में बिजली कटौती का लोगों को समाना करना पड़ेगा। बीते साल काम में रफ्तार न पकड़ने के पीछे कारपोरेशन कोरोना संक्रमण होना बता रहा है।
मंदिरों के शहर में कम क्षमता के ट्रांसफार्मर लगे है। इनकी क्षमता को बढ़ाना है और अधिक क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए जाने हैं। गर्मी या सर्दी के दिनों में लोड बढ़ने से अकसर ट्रांसफार्मर जल जाते हैं। इस कारण लोगों को आठ से दस घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है। मौजूदा समय में शहर में बिजली ढांचा काफी कमजोर है। ढांचे में पोल और तारों को भी बदला जाना है। ढीले तार भी आंधी-तूफान आने पर टूट जाते हैं।
वहीं साल 2019 में शहर में 200 से ज्यादा टांसफार्मर लगाए गए थे। ये तमाम ट्रांसफार्मर अधिक समस्या वाले इलाकों में लगाए गए। इसके लिए पीएम पावर डेवलपमेंट स्कीम के तहत 200 करोड़ रुपये की राशि मंजूर हुए है।
--------------
नए साल जनवरी माह से फिर से कारपोरेशन ट्रांसफार्मर लगाने का काम तेज करेगा। 2020 में कोरोना महामारी के कारण काम काफी हद तक प्रभावित हुआ है। अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं, काम को तेज गति से करवाया जाएगा। ट्रांसफार्मरों की क्षमता को बढ़ाया जाएगा। मार्च 2021 तक 800 ट्रांसफार्मर लगाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
पीडी सिंह एक्सईएन, बिजली कारपोरेशन