जम्मू। सरकारी स्कूलों में शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं में सुधार के लिए स्वयंसेवकों की भी मदद ली जाएगी। प्रदेश सरकार ने सरकारी स्कूलों में विद्यांजलि 2.0 के कार्यान्वयन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। विद्यांजलि 2.0 के तहत स्वयंसेवक सरकारी स्कूलों के उन्नयन में अपना योगदान दे सकेंगे। इसके लिए उन्हें विद्यांजलि पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।
स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमख सचिव बीके सिंह ने बताया कि विद्यांजलि 2.0 के प्रदेश में कार्यान्वयन के लिए यूटी, संभाग, जिला और स्कूल शिक्षा विभाग स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। यूटी स्तर पर स्टेट काउंसिल ऑफ एजुकेशन रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एससीईआरटी) के निदेशक को नोडल अधिकारी बनाया गया है। विद्यांजलि 2.0 के तहत दो घटक हैं, जिसमें स्वयंसेवक सरकारी स्कूलों में गतिविधियां या प्रयोजन के तहत अपना योगदान दे सकेंगे। इसमें स्वयंसेवक खेल, शिक्षा, काउंसलिंग, विशेषत: बच्चों के लिए कैंप सहित अन्य गतिविधयों को प्रयोजन में करवाने के साथ स्कूलों में होने वाली नियमित गतिविधियों को निशुल्क करवा सकेंगे। इसके लिए उन्हें पोर्टल में अपना पंजीकरण करना होगा।