जम्मू। मंदिरों के शहर में ईको फ्रेंडली गणेश उत्सव मनाने के लिए शहरवासियों को जागरूक किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग से दिशा वॉलियंटर ऑर्गेनाइजेशन के सदस्य लोगों को निशुल्क ईको फ्रेंडली गणेश की मूर्तियां उपलब्ध करवाने के साथ इन्हें तैयार करना भी सिखा रहे हैं। ऑर्गेनाइजेशन की ओर से दस दिवसीय जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इसमें लोगों को पीओपी से बनी मूर्तियों का उपयोग न करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। महेशपुरा चौक और त्रिकुटा नगर में जागरूकता शिविर लगाए जा रहे है। इस स्थानों पर फाउंडेशन के सदस्य लोगों को मिट्टी से बनाई गणेश की मूर्तियां उपलब्ध करवा रहे हैं। कार्यक्रम संयोजक रजत सलगोत्रा ने कहा कि गणेश चतुर्थी में पीओपी से बनी मूर्तियों का उपयोग ज्यादा होता है। लोग इन मूर्तियों का विसर्जन तवी में करते हैं, जिससे नदी का पानी दूषित होता है।
------
इस तरह तैयार किए जा
रहे ईको फ्रेंडली गणेश
ईको-फ्रेंडली गणेश की मूर्ति को मिट्टी से तैयार किया गया है, जिस पर हल्दी से पेंट किया गया है। ऑर्गेनाइजेशन के सदस्यों ने कहा कि लोग ज्यादा से ज्यादा ईको-फ्रेंडली गणेश का उपयोग करें। इसके लिए जागरूकता अभियान शुरू किया है, जो दस सितंबर तक चलेगा।