सांबा। जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक बार पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ हो चुकी है। पाकिस्तानी सेना की ओर से ड्रोन में हथियार व नशीली वस्तुओं की खेप भेजी जा रही है।
सांबा के सीमावर्ती क्षेत्रों में एक पाकिस्तानी ड्रोन को सुरक्षा बलों ने मार गिराया था व चार बार हथियार गिराने के प्रयास सफल भी हो चुके हैं। जिले के सीमावर्ती गांव राजपुरा के बबर नाले में हथियार बरामद किए गए। बसंतर दरिया से घगवाल के नोनाथ के नाले से व रसाना के निकट से हथियारों की खेप बरामद की गई थी। जो ड्रोन द्वारा गिराए गए थे। अधिकतर बार सुरक्षा बलों ने पाकिस्तानी ड्रोन को सीमा के निकट से ही लौटाया है।
बीएसएफ के एक अधिकारी के अनुसार ड्रोन पांच से छह सौ मीटर की ऊंचाई पर उड़ान भरता है। ऐसे में जवानों के पास राइफल की रेंज चार सौ मीटर तक है। ऐसे में ऊंचाई पर ड्रोन को गिराना कठिन है। सूत्रों के अनुसार जब भी पाकिस्तान की ओर से ड्रोन की घुसपैठ कराई जाती है तो रात आठ से नौ बजे के बीच ही होती है। जब भी पाकिस्तानी ड्रोन की हलचल हुई है इसी समय हुई है।