रियासी। जम्मू की तरफर जा रही विंगर के चालक की सूझबूझ से वाहन में सवार कई सवारियों की जान बच गई। हालांकि हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, लेकिन सभी लोग चालक का आभार जताते देखे गए।
बुधवार शाम को विंगर सवारियों को ले कर नगर से जम्मू की तरफ रवाना हुई। इस दौरान कटड़ा-सुला शार्टकट मार्ग पर ब्रेक फेल गई। ज्यादा ढलान को देखते हुए चालक ने वाहन को पहाड़ी से टकरा कर बड़े हादसे से बचा दिया। अगर वाहन पहाड़ी से नहीं टकराता तो ढलान होने के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। बाद में सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में तीन सवारियों को मामूली चोटें आई हैं। उनकी पहचान रहमत अली निवासी ठाकराकोट, जनक सिंह निवासी बठोई और अमित शर्मा निवासी नई बस्ती, जम्मू के रूप में हुई है। सभी को जिला अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।