लेह। मैगसेसे पुरस्कार विजेता और थ्री इडियट फिल्म के असल हीरो सोनम वांगचुक ने कहा है कि 1962 से अब तक चीन ने लद्दाख में कई चरागाह कब्जा लिए हैं। अब चीन की ज्यादतियों को दुनिया के साथ लद्दाख में भी रोकने का समय है। ‘चीन को सेना देगी बुलेट से, जनता देगी वॉलेट से जवाब’ अभियान के तहत सोनम ने लद्दाख की सिंधु नदी किनारे रिकॉर्ड किए दूसरे वीडियो को रविवार शाम जारी कर दिया। यू ट्यूब पर अपलोड सोनम के पहले वीडियो को तीन दिन में 24 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। इस पर राष्ट्रीय स्तर पर बहस भी तेज हो गई है।
दूसरे वीडियो में सोनम ने कहा, चीन निर्मित सामान का विरोध चीन की जनता का विरोध नहीं है। असल में यह अत्याचार का विरोध है। सोनम ने बाल गंगाधर तिलक के 1905 के स्वदेशी आंदोलन का हवाला देकर कहा कि वर्तमान हालात में बटुए के आंदोलन में हर नागरिक एक सिपाही है। जीवन में यदि कुछ गैर जरूरी वस्तुओं का उपभोग रोकना भी पड़े तो लोगाें को आगे आना चाहिए।