घाटी में छात्र हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। वीरवार को कई जगह पर छात्रों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। सुरक्षाबलों पर पत्थर बरसाए। बेकाबू हो रही छात्रों की भीड़ को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। हिंसक झड़पों में दर्जनभर से अधिक छात्र घायल हुए हैं। छात्रों के हिंसक प्रदर्शन से आम जनजीवन प्रभावित हुआ। दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के डोरू स्थित गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। जुलूस निकालने से रोकने पर उन्होंने सुरक्षा बलों पर पथराव कर दिया। इन्हें खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। बारामुला जिले के सोपोर स्थित गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने भी सुरक्षा बलों पर पथराव किया।
दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के राजपोरा में छात्रों-सुरक्षा बलों के बीच झड़प हुई। पथराव कर रही छात्रों की भीड़ को खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। बडगाम जिले के मागाम में छात्रों ने सुरक्षा बलों पर भारी पथराव किया। यहां आंसू गैस के गोले दागने पर भी छात्रों ने पथराव बंद नहीं किया तो पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया।
पैलेट लगने से नारबल का जाहिद अहमद घायल हो गया। उसे श्रीनगर के अस्पताल में भेजा गया है। श्रीनगर के बाबा डैंब इलाके में स्थित इस्लामिया गांधी कालेज के छात्रों ने भी विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जुलूस निकालने की कोशिश की जिसे सुरक्षा बलों ने रोक दिया। इसके बाद उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बेकाबू होने पर सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।