दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में बुधवार को हुई लेफ्टिनेंट की हत्या में आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के आईजी एसजेएम गिलानी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पुलिस को शोपियां में सक्रिय हिजबुल के माड्यूल का हाथ होने के सबूत मिले हैं। पुलिस ने घटना स्थल से इंसास के दो कार्टेज भी बरामद किए हैं। आईजी ने बताया कि हाल ही में दक्षिणी कश्मीर में सुरक्षाबलों से राइफल लूट की दो घटनाएं हुई हैं।
पहली लूट की घटना कुलगाम में हुई थी जिसमें लश्कर का हाथ था तो वहीं दूसरी घटना शोपियां में हुई थी जिसमें हिजबुल के आतंकी शामिल थे। आईजी के मुताबित इन्हीं दोनों घटनाओं में लूटे गए किसी एक हथियार का प्रयोग लेफ्टिनेंट फैयाज की हत्या में हुआ है।
फैयाज को हत्या से पहले टार्चर करने की खबरों का खडंन करते हुए आईजी ने कहा कि पुलिस अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, हालांकि उनकी शरीर पर किसी तरह के टार्चर के निशान नहीं मिले हैं।
गौरतलब है कि दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में बुधवार को आतंकियों ने सेना के लेफ्टिनेंट फैयाज का अपहरण कर हत्या कर दी थी। फैयाज जम्मू के अखनूर में तैनात थे।