सरवाल अस्पताल में एक नवजात के परिवार वालों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ रविवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रसव के दौरान डाक्टरों की लापरवाही से नवजात बच्ची की दोनों टांगों में फ्रैक्चर हुआ है। उसे एसएमजीएस के निको वार्ड में भर्ती कराया गया है।
गुलाम रसूल निवासी सुई पंगाली ने आरोप लगाया कि शनिवार की रात अस्पताल में उसकी पत्नी रुकसाना बीबी ने बच्ची को जन्म दिया। सामान्य प्रसव के दौरान पेट पर ज्यादा जोर देने से पेट में ही बच्ची की दोनों टांगों में फ्रैक्चर हो गया था। उसकी बाजू भी सूज गई है।
आनन-फानन में अस्पताल प्रशासन ने बच्ची को एसएमजीएस में शिफ्ट किया। जहां एक्सरे करवाने पर सारी स्थिति स्पष्ट हुई। उनके अनुसार इसकी शिकायत सरवाल पुलिस चौकी में दी गई है और सोमवार को अस्पताल की अधीक्षक को भी दी जाएगी। रविवार की छुट्टी के चलते प्रदर्शन के दौरान अस्पताल में कोई बड़ा अधिकारी नहीं पहुंचा था।