कार एक्सीडेंट में वृद्ध की जान लेने वाली सूबे के डीजीपी के राजेन्द्रा की बेटी को आज कोर्ट से जमानत मिल गई। पुलिस ने सुबह गैरइरादतन हत्या के मामले में सुबह उसे कोर्ट में पेश किया था। जहां से उसे जमानत दे दी गई।
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह करीब सात बजे डीजीपी के राजेन्द्र की बेटी पूजा राजेन्द्रा ने अपनी कार से कुचल कर एक वृद्ध की जान ले ली थी। मृतक सुबह घूमने के लिए निकले थे इसी बीच अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले इंद्रजीत रजपुरा के रहने वाले थे, जो कि हेल्थ डिपार्टमेंट से रिटायर थे। बताया जा रही है कि डीजीपी की बेटी बलविंदर चौक से सरवाल की तरफ जा रही थी तभी यह हादसा हुआ।
डीजीपी के आदेश पर पुलिस ने लिया था हिरासत में
हादसे के बाद इंद्रजीत को जम्मू मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि इंदजीत के पुत्र राकेश शर्मा शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं।
हादसे के बाद पुलिस ने कार सवार युवती को हिरासत में ले लिया था। मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की बेटी से जुड़ा होने के कारण पुलिस काफी देर तक इसे छुपाने का प्रयास करती रही लेकिन मीडिया में खबरें आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
हालांकि बताया ये भी जा रहा है कि मामले की जानकारी होने पर डीजीपी के राजेन्द्रा ने ही केस दर्ज करने के आदेश दिए थे। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया था।
हादसे के बाद मातम में बदली शादी की खुशियां
इसके बाद पुलिस ने गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर युवती को शुक्रवार सुबह कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जमानत मिल गई। मामला प्रदेश के डीजीपी की बेटी से जुड़ा होने के कारण पुलिस भी फूंक फूंक कर कदम रख रही थी।
हादसे के बाद से ही जिले भर के आला पुलिस अधिकारी उलझन में थे। इसी उलझने के बीच युवती को कोर्ट में पेश किया गया था। सूत्रों का कहना है कि मामले में पिछले दरवाजे से समझौते के प्रयास भी चल रहे हैं।
दूसरी ओर हादसे के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ था। बताते हैं कि कुछ दिनों बाद मृतक इन्द्रजीत शर्मा के छोटे पुत्र की शादी थी। जिसके लिए घर में तैयारियां चल रही थी। लेकिन हादसे के बाद सभी परिजन सदमे में हैं।