जम्मू। देश की सुरक्षा के लिए हर जवान तत्पर है, लेकिन सरकारें सेना और अर्धसैनिक बलों से भेदभव कर रही हैं, जोकि गलत है। इसलिए अर्धसैनिक बलों के जवानों को सैन्य तर्ज पर सुविधाएं मिलनी चाहिए। यह मांग पूर्व केंद्रीय अर्धसैनिक बल कल्याण संघ जम्मू के सदस्यों प्रेसवार्ता में उठाई है। संघ के अध्यक्ष शशि कुमार शर्मा ने केंद्रीय गृहमंत्रालय से अर्धसैनिक बलों को सेना की तरह सुविधाएं और लाभ देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पूर्व अर्धसैनिक आज भी अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। सरकार का रवैया काफी भेदभाव वाला है। कई मांगें लंबे समय से पूरी नहीं हुई हैं। सरकार को उस तरफ ध्यान देने की जरूरत है। मुख्य मांगों में सीसीएस नियमों के बजाय सरकार अलग सशस्त्र बल सेवा और पेंशन नियम बनाना, नई पेंशन योजना (एनपीएस) से बाहर रखना, सेना की तर्ज पर वन रेंक वन पेंशन (ओआरओपी) देना, केंद्रीय के बजाय सीएसडी कैंटीन सुविधाएं देने सहित राज्य और जिला स्तर पर अर्धसैनिक बलों को उचित चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाना शामिल हैं।