जम्मू। डीडीसी अध्यक्ष पुंछ, डाक्टर्स एसोसिएशन जम्मू, पीएम पैकेज चयनकर्ता, एलजेके इकनामिक ग्रोथ एंड डेवलपमेंट डायलग (एलईएडी) तथा कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राजभवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात कर अपने मुद्दों को रखा।
अध्यक्ष जिला विकास परिषद पुंछ तजीम अख्तर ने विकास और सार्वजनिक महत्व के मुद्दों से अवगत कराया। उन्होंने पुंछ में ट्रामा सेंटर, महिला कालेज को खोलने की मांग की। डाक्टर्स एसोसिएशन जम्मू के शिष्टमंडल ने डा. बलविंदर सिंह के नेतृत्व में उपराज्यपाल से मिलकर पीजी कोर्सों में पढ़ाई अवकाश के लिए न्यूनतम सेवा जरूरत के मुद्दों को उठाया। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में संस्कृत के संरक्षण तथा प्रोत्साहन से जुड़े मुद्दों पर बात की। साथ ही सभी धार्मिक स्थलों को पर्यटन के नक्शे पर लाने की मांग की। उन्होंने श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय कटड़ा में संस्कृत विभाग तथा जम्मू में बन रहे तिरुपति बालाजी मंदिर में संस्कृत गुरुकुल की स्थापना की मंजूरी पर आभार जताया। साथ ही राज्य में संस्कृत विश्वविद्यालय व संस्कृत अकादमी की स्थापना, कटड़ा गुरुकुल को आदर्श संस्कृत महाविद्यालय का दर्जा दिलाने की मांग की। उनके साथ पंडित अशोक शास्त्री, राजेश्वर शास्त्री, पंडित अजय भारती, पंडित देव दत्त शास्त्री आदि थे।
जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख इक्नोमिक ग्रोथ एंड डेवलपमेंट डायलॉग (एलईएडी) के प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू-कश्मीर के उद्योग क्षेत्र में निवेशकों को भूमि आवंटन पर जल्द निर्णय लेने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे एलईएडी के निदेशक सुनील शाह और मनीष अहलुवालिया ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लागू नई नीति से अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ रोजगार की संभावनाएं बढ़ गई हैं। पीएम पैकेज के अभ्यर्थियों ने एसओ 194 पर बात की।