सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) के प्रिंसिपल शशि सुधन शर्मा ने 23 जून को जानकारी दी थी कि रियासी जिला के कटड़ा शहर में डेल्टा प्लस वेरिएंट का पहला मामला सामने आया है। यह वायरस का चिंताजनक वेरिएंट है।
जम्मू में सबसे बड़ी अनाज मंडी में शनिवार को सन्नाटा पसरा रहा। स्थानीय कारोबारियों ने संभाग में कोविड-19 के डेल्टा प्लस वेरिएंट का पहला मामला सामने आने के चलते शनिवार और रविवार को लॉकडाउन को जारी रखने का फैसला किया है। बता दें कि प्रदेश प्रशासन ने कोविड-19 की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार के मद्देनजर 20 जून को जम्मू समेत आठ जिलों से सप्ताहांत कर्फ्यू हटाने की घोषणा की थी।
विज्ञापन
ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस नेहरू मार्केट के आह्वान पर एशिया चौक, विक्रम चौक, नेहरू मार्केट और आसपास के इलाकों में दुकानें बंद रहीं। फेडरेशन के अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कहा कि डेल्टा प्लस स्वरूप का पहला मामला सामने आने के बाद एहतियात के तौर पर अगले तीन सप्ताह तक सप्ताहांत कर्फ्यू जारी रखने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान सभी दुकानें शनिवार और रविवार को बंद रहेंगी।