केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा है कि जन सेवकों में नियमित सीखने व दोबारा सीखने की ललक होनी चाहिए ताकि देश में तेजी से बदल रहे परिदृश्य में वह बेहतर काम कर सकें। सिंह ने शुक्रवार को मसूरी सिथत लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में आईएएस के 2019 बैच के व्यवसायिक कोर्स चरण दो के समापन समारोह में अपने संबोधन में यह बात कही।
विज्ञापन
जितेंद्र सिंह ने 21 अप्रैल 1947 को प्रथम नागरिक सेवा दिवस पर देश के प्रथम गृह मंत्री सरदार पटेल के भाषण का उल्लेख करते हुए कहा था कि पूर्व में जो हुआ सो हुआ अब से आईएएस अधिकारी देश के आम आदमी को अपना समझकर उसके साथ अपनो जैसा व्यवहार सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशासन के लिए देश में सिविल सेवाओं में मिशन कर्मयोगी और आरंभ की नई कवायद शुरू करवाई ताकि नए इंडिया के लिए बेहतर रास्ता तैयार हो। जितेंद्र सिंह ने इस दौरान राष्ट्रपति स्वर्ण पदक और सर्वश्रेष्ठ अधिकारी प्रशिक्षु प्रशस्तिपत्र वितरण कार्यक्रम की भी अध्यक्षता की।