सावधान! कोरोना संक्रमण के बीच भी साइबर ठगी जारी है। लोगों को लाखों रुपये जीतने के मैसेज व्हाट्सऐप नंबरों पर आ रहे हैं। इसमें केबीसी, जीयो नंबर पर लक्की ड्रॉ निकलने के लिए सूचित किया जा रहा है। इसमें कहा जा रहा है कि कौन बनेगा करोड़ पति या फिर जीयो नंबर में लक्की ड्रॉ निकला है।
मैसेज में भेजे गए संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अभिनेता अमिताभ बच्चन की फोटो तक लगाई गई है। इसमें मुकेश अंबानी के नाम का सहारा भी लिया गया है। व्हाट्सऐप नंबर 6354691252 दिया गया है। मैसेज में अलग-अलग लॉटरी नंबर भी दिए गए हैं। नंबर पर संपर्क कर राशि अपने खाते में ट्रांसर्फर करने को कहा जा रहा है।
ऐसे की जा रही ठगी, मैसेज आए तो पुलिस को दें शिकायत
पुलिस के अनुसार यह ऑनलाइन ठगी है। मास्टरमाइंड लोगों को लाखाें रुपये जीतने का हवाला दे रहे हैं। जब लोग इनसे संपर्क करते हैं तो ये नंबरों और एकाउंट नंबरों की जानकारी लेते हैं। बाद में खातों से ऑनलाइन ठगी कर पैसे अपने खाते में ट्रांसर्फर कर लेते हैं। इस तरह के मैसेज आने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
जम्मू-कश्मीर में कई लोगों के मोबाइल नंबर पर इस तरह के मैसेज धड़ाधड़ आ रहे हैं। जानकारी रखने वाले लोग अपने मोबाइल से नंबरों को डिलीट कर दे रहे हैं। कुछ लोग इनके झांसे में आ जा रहे हैं। हालांकि सिटी पुलिस थाने में अभी तक इस तरह की ठगी का मामला नहीं आया है, लेकिन मैसेज आने की बात पुलिस अधिकारियों की जानकारी में है। पुलिस भी समय-समय पर लोगों को ठगों से सावधान रहने के लिए आगाह कर रही है।