मुरादनगर में रावली रोड स्थित सब्जी मंडी में शनिवार तड़के फल आढ़ती शकील अहमद की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पड़ोसी आढ़ती रहम इलाही ने अपने दो बेटों व दो भतीजों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार आरोपियों ने रास्ते में मंडी का सामान रखा था। जब शकील अहमद ने रास्ते से सामान हटाने के लिए कहा तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपी शकील को तब तक पीटते रहे जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर 5 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। तनाव के मद्देनजर सब्जी मंडी में फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद से ही शकील का पूरा परिवार सदमे में है।