जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में चौथे दिन भी कर्फ्यू जारी है । हालांकि प्रशासन ने सुबह 08 बजे से शाम 6 बजे तक कर्फ्यू में थोड़ी ढील दी है । प्रशासन द्वारा कर्फ्यू की स्थिति और हालात की समीक्षा करने के बाद आज शाम को कर्फ्यू जारी रखने पर विचार किया जाएगा । प्रशासन ने माहौल बिगड़ने की आशंकाओं के कारण पूरे इलाके में सुरक्षाबलों की तैनाती की है ।
वहीं दूसरी ओर भारत विरोधी नारेबाजी के मामले में सोमवार रात एक और गिरफ्तारी की गई थी । प्राप्त जानकारी के अनुसार सईद आसिफ नाम के एक 26 वर्षीय युवक को बीती रात किश्तवाड़ के तूंद इलाके से गिरफ्तार किया गया थी । इस गिरफ्तारी के बाद अब तक कुल गिरफ्तार लोगों की संख्या 5 हो चुकी है ।
गौरतलब है कि किश्तवाड़ में 2013 में ईद के दौरान भारत विरोधी प्रदर्शन के मामले में कुल 30 लोगों पर नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी । इसी मामले में बीते तीन दिनों में कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है । सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार अभी कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना है ।
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में रविवार सुबह 3 लोगों की गिरफ्तारी के विरोध में भारी बवाल हो गया था । गिरफ्तार हुए इन लोगों में एक मौलवी भी शामिल था । इन सभी लोगों को देश विरोधी नारेबाजी और प्रदर्शन करने के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था जिन्हे कोट बलवाल की जेल में भेज दिया गया था ।