रियासत के शिक्षा मंत्री तथा राज्य सरकार के प्रवक्ता नईम अख्तर को लश्कर ने धमकी दी है। उन्होंने चेताया है कि वे लोगों को सामान्य कामकाज करने के लिए दबाव डालने से बाज आएं अन्यथा उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
एक स्थानीय न्यूज एजेंसी को लश्कर चीफ महमूद शाह ने पत्र भेजकर कहा है कि घाटी में मौजूदा हालात तथा विरोध प्रदर्शन शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ नहीं है। यह केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन है। यह भी कहा है कि वे हड़ताल खत्म करने के लिए लोगों पर दबाव डालना बंद करें। कश्मीर की जनता पढ़ी लिखी है और वह अच्छे व बुरे के बीच फर्क कर सकती है।
धमकी में कहा गया है कि मौजूदा संघर्ष शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि भारतीय व्यवस्था के खिलाफ है। यदि नईम अख्तर इससे अपने को अलग नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि नईम अख्तर इन दिनों अलगाववादियों सहित सभी से आग्रह कर रहे हैं कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा संस्थानों को बंद तथा विरोध प्रदर्शनों से मुक्त रखा जाए।