सांबा। पवित्र अमरनाथ के दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सांबा में लंगर शुरू कर दिए गए हैं। दियानी पंचायत में ही तीन लंगर कमेटियों को जिला प्रशासन की ओर से अनुमति दी गई है।
दियानी के निकट ओम शिव नील कंठ महादेव सेवा मंडल के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने 30 जून को ही लंगर शुरू कर दिया। अब वह लंगर के लिए शेड बना रहे हैं। पंजाब के तरनतारन से आए सेवादारों ने बताया कि उन्होंने अमरनाथ यात्रियों के लिए शाही पनीर, छोले, पूरी, राजमां, चावल, चपाती, गोलगप्पे के साथ मिठाई का भी प्रबंध किया है। दियानी पंचायत के लोगों के संगठन हरे कृष्णा, हरे राम मंडल के सदस्यों ने बताया कि उनका पहला लंगर है। वह अमरनाथ यात्रियों के लिए सुबह के नाश्ते में आलू, पूरी, चाय के साथ रस दे रहे हैं। दोपहर को दाल, चावल, अंबल के साथ मीठा खाना परोस रहे हैं। दियानी के पलाह मोड़ पर बाबा बर्फानी लंगर मंडल की ओर से भी अमरनाथ यात्रियों के लंगर शुरू किया गया है। बाबा बर्फानी के सदस्यों के अनुसार वह कई वर्षों से बाबा के श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था करते आ रहे हैं।
कुल मिला कर पवित्र अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को कई प्रकार के व्यंजन परोसे जा रहे हैं। उधर उपायुक्त अनुराधा गुप्ता ने भी स्वयं सहायता समूह के एक कार्यक्रम में कहा था कि अमरनाथ यात्रियों को डोगरा व्यंजन भी दिया जाएगा। इसमें मालपूड़ा के साथ क्यूर व शक्कर शामिल रहेगी जो बिलकुल ही डोगरा व्यंजन है।
श्री अमरनाथ यात्रियाें के लिए लंगर शुरू
विजयपुर। कस्बे के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सब्जी मंडी के पास श्रद्धालुओं के लिए श्री अमरनाथ का लंगर लगाया गया। इसका शुभारंभ शनिवार को बाबा मुरली लाल ने किया। उन्होंने बताया कि दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालु यहां लंगर ग्रहण कर सकेंगे और उनके लिए यहां हर प्रकार की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर रखी है। इस मौके पर बाबा अमरनाथ बर्फानी के श्रद्धालुओं ने लंगर ग्रहण किया। बाबा के श्रद्धालु खुशी-खुशी से आ रहे हैं, और लंगर ग्रहण करने के बाद अमरनाथ दर्शन के लिए जा रहे हैं। संवाद