घगवाल। रामलीला मंचन के लिए घगवाल की पंचायत नौनाथ में भगवान हनुमानजी का झंडा चढ़ाने के साथ ही रामलीला की तैयारियों सहित रिहर्सल का आगाज हो गया। सबसे पहले हनुमानजी के ध्वज की विधिवत पूजा अर्चना की गई। उसके पश्चात कमेटी के सदस्यों ने भगवान श्रीराम के जयघोष लगाते हुए ध्वज चढ़ाया।
क्लब के प्रधान द्वारिका वर्मा, सोहन लाल शास्त्री, अर्पण पंगोत्रा ने बताया कि कस्बे के लोगों ने सदियों पुरानी रीति को आज भी संजोए रखा है। जन्माष्टमी के दिन घगवाल के नौनाथ पंचायत में स्थित रामलीला मैदान में हनुमान का झंडा चढ़ाया जाता है, हनुमानजी के ध्वज को हनुमान का पात्र एवं कस्बे के स्थानीय लोग अपने हाथों से इस झंडे पर राखी बांधने के बाद चढ़ाते हैं और ध्वज को रावण वध के बाद उतारा जाता है।