इनर व्हील क्लब की नवनिर्वाचित अध्यक्ष जसवंत कौर को अध्यक्ष पद का कार्यभार सौंपा गया। स्रोत : इन
- महिलाएं सेवा कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं : रेखा
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। महिला सशक्तीकरण व जनकल्याण के संकल्प के साथ इनर व्हील क्लब जम्मूतवी की नई कार्यकारिणी ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया। जसवंत कौर ने वर्ष 2026-27 के लिए अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। मुख्य अतिथि भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा महाजन ने महिलाओं से सामाजिक बदलाव में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम निवर्तमान अध्यक्ष वनिता कोहली के नेतृत्व में हुआ। डॉ. संतोष गुप्ता ने इंस्टॉलिंग ऑफिसर के रूप में नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उनकी टीम को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। क्लब की सचिव सुरेश बाला सहित बड़ी संख्या में सदस्य और गणमान्य लोग समारोह में मौजूद रहे।
रेखा महाजन ने क्लब से बालिका शिक्षा, महिला स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंद परिवारों की सहायता और नशा मुक्ति अभियान को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने का आग्रह किया। जसवंत कौर ने कहा कि उनकी पूरी टीम समर्पण, पारदर्शिता और सामूहिक सहभागिता के साथ समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने और सेवा परियोजनाओं का दायरा बढ़ाने का संकल्प दोहराया।