जम्मू। प्रदेश में रविवार को धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कार्यक्रमों में हर आयु वर्ग के लोगों ने शामिल होकर देश के प्रति अपनी भावना दर्शायी। इस मौके पर विद्यार्थियों और अन्य कलाकारों ने रंगारंग व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की छटा बिखेरी।
जम्मू में एमए स्टेडियम में हुए मुख्य समारोह में सलाहकार राजीव राय भटनागर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ परेड का निरीक्षण किया। परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, जेकेएपी, वन सुरक्षा बल, आईआरपी, विभिन्न स्कूलों आदि के दस्तों ने सलामी ली। इस दौरान मंडल स्तरीय राष्ट्रगान गायन प्रतियोगिता 2021 के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सलाहकार ने कहा कि जम्मू कश्मीर में सरकार ने कई प्रमुख और विकास परियोजनाओं को शुरू किया है।
पीएमजीएएसवाई -1 के तहत 3467 किलोमीटर और पीएमजीएसवाई 2 के तहत 18910 किलोमीटर सड़क को मंजूरी दी गई है। कोविड टीकाकरण और इसके प्रबंधन में जम्मू कश्मीर का अच्छा प्रदर्शन रहा है। सभी वर्ग के लोग टीकाकरण करवाएं। जम्मू को एक स्वतंत्र पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति, लोक नृत्य और संगीत पर प्रस्तुति दी।
बाड़ी ब्राह्मणा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन कार्यालय, बाड़ी ब्राह्मणा में एसोसिएशन के प्रधान ललित महाजन ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान पदाधिकारी तरुण सिंगला, अजय लंगर आदि मौजूद रहे। ओबीसी विभाग प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन सुरेश कुमार डोगरा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इंदिरा चौक पर हुए कार्यक्रम में डोगरा ने कहा कि देश के प्रति बलिदान देने वाले शहीदों को हमेशा याद रखा जाएगा।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन क्षेत्रीय कार्यालय जम्मू परिसर में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त रिजवान उद्दीन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने उच्चतम कीर्तिमान स्थापित करके ईपीएफओ के लक्ष्यों और उद्देश्यों को प्राप्त करने में उनके योगदान के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद किया।
आरबीआई क्वार्टर त्रिकुटा नगर जम्मू में कमल प्रसाद पटनायक क्षेत्रीय निदेशक आरबीआई जेएंडके, लद्दाख ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान अधिकारियों में एके अत्री, तरुण उप्पल आदि मौजूद रहे।
चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज परिसर में प्रधान अरुण गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान चैंबर के सैकड़ों सदस्यों ने शिरकत कर देशभक्ति का जज्बा दिखाया। वक्ताओं ने कहा कि देश के लिए शहादत देने वाले शहीदों को हमेशा याद रखा जाएगा। लिंक रोड बाजार में लिंका रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान राजेंद्र गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान मनीष गुप्ता, सौरभ गुप्ता, पंकज हांडा, डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा, ललित शर्मा आदि मौजूद रहे।
वन सुरक्षा बल हेडक्वार्टर कांप्लेक्स नरवाल में निदेशक फारेस्ट प्रोटेक्शन फोर्स जम्मू इफाक अरा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।