चौकीदारों तथा नंबरदारों ने की बैठक , शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी
ज्यौड़ियां। नंबरदार तथा चौकीदार यूनियन खौड़ की तरफ से मंगलवार को सिंचाई विभाग गेस्ट हाउस में मासिक बैठक हुई। इसमें वेतन को बढ़ाने की मांग की। बैठक में नंबरदारों और चौकीदारों की तरफ से अरुणाचल प्रदेश में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई और दो मिनट का मौन धारण किया गया।
बैठक की अध्यक्षता यूनियन के प्रधान नंबरदार ठाकुर सिंह ने की। चौकीदारों तथा नंबरदारों की तरफ से तहसीलदार मोनिका शर्मा को ज्ञापन सौंपा। यूनियन की तरफ से क्षेत्र की कई तरह की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने अपना वेतन बढ़ाने की भी सरकार से मांग की। उन्होंने कहा कि हर सरकारी विभाग के मुलाजिमों का वेतन समय-समय पर सरकार बढ़ाती है, लेकिन हमारा वेतन अभी तक भी वहीं है। उपजिले के सीमावर्ती गांवों के लोगों के लिए गोलीबारी से बचने के लिए बनाए गए बंकरों की साफ-सफाई करने तथा बंकरों में बिजली-पानी उपलब्ध करने तथा बंकरों की संख्या बढ़ाने की भी बैठक में मांग की गई। वेतन बढ़ाने, चौकीदारों को यूनिफार्म उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। इस अवसर पर नंबरदार खैरू राम मट्टू, रतन सिंह, चूड़ सिंह शाम सिंह, रंजीत सिंह सहित अन्य कई लोग उपस्थित रहे।