अखनूर। राष्ट्रीय कवि संगम की प्रदेश इकाई की ओर से रियासी जिले में श्रीराम काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कुल 15 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में पहले स्थान पर पंकज शर्मा, दूसरे स्थान पर मोहिंदर शर्मा और तीसरे स्थान पर मधु शर्मा रहे। कुछ प्रतिभागी नेटवर्क की वजह से कविता पाठ से वंचित रहे।
राष्ट्रीय कवि संगम की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कवि केवल कुमार केवल ने कहा कि हर जिले में राम काव्य पाठ प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें हर जिले से प्रथम, द्वितीय और तृतीय आने वाले प्रतिभागियों को प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में काव्य पाठ करने का अवसर मिलेगा। प्रदेश स्तर पर अव्वल आने वाले प्रतिभागी को 15 नवंबर को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
प्रदेश स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमश: 5100, 3100 और 2100 रुपये नकद पुरस्कार के साथ प्रमाण पत्र दिया जाएगा। वहीं, जिलों के सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमश: 51 हजार, 31 हजार और 21000 रुपये इनाम दिया जाएगा। वीरवार की प्रतियोगिता में रियासी जिले के संयोजक बिशन दास, लोकेश शर्मा और संदीप सिंह जम्वाल जज रहे। संवाद