शनिवार को सड़क हादसे में घायल हुए व्यक्ति ने रविवार को सुबह मेडिकल कालेज जम्मू अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है।
शनिवार को साइकिल पर सवार रूप लाल निवासी राड़िया विजयपुर की एक मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई थी। इसमें मोटरसाइकिल चालक रवि कुमार निवासी विजयपुर भी घायल हो गया था।
दोनों को पहले विजयपुर के अस्पताल ले जाया गया। यहां से उन्हें जीएमसी रेफर किया गया। रविवार को रूप लाल की मौत हो गई। इसके अलावा रविवार को अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। इसमें एक दंपति भी शामिल है। सुरिंदर कुमार और उनकी पत्नी राज कुमारी निवासी जानीपुर जगती ताला में बाइक पर जा रहे थे।
तभी एक ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वे बुरी तरह से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचाया गया। यहां दोनों का उपचार चल रहा है। वहीं ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है। अन्य सड़क हादसे में मोहम्मद सलीम निवासी चंद्रकोट और दिलप्रीत सिंह निवासी सिंबल कैंप भी सड़क हादसों में घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कालेज अस्पताल भर्ती करवाया गया है।