सांबा जिले के गांव पापड़ में पहाड़ी से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक तरसेम लाल (47) सांबा कसबे के वार्ड नंबर छह का रहने वाला था। परिवार के लोगों की सहमति से सांबा पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है।जानकारी के अनुसार तरसेम लाल बागवानी का काम करता था। पापड़ गांव में वह इसी सिलसिले में गया था।
पापड़ गांव से लौटते समय वह पहाड़ी ऊपर से एक छोटे रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया। इससे वह लुढ़कता हुआ काफी नीचे बह रहे नाले में जा गिरा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को जिला अस्पताल सांबा पहुंचाया गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार वालों को सौंप दिया गया। तरसेम की मौत से परिवार के लोग सदमे में हैं। मौत की खबर पाकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।